सिमराही (राघोपुर): एक ओर नगर पंचायत सिमराही को स्वच्छ सिमराही, स्वस्थ सिमराही बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
रेफरल अस्पताल राघोपुर के मुख्य मार्ग पर, जहां हर दिन सैकड़ों मरीज और उनके परिजन आते-जाते हैं, सड़क किनारे कूड़े-कचरे का ढेर लगा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इसी जगह पर ऑटो रिक्शा स्टैंड भी लगता है और ठीक सामने अस्पताल स्थित है। ऐसे में लोगों को दुर्गंध, गंदगी और संक्रमण के खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह से शाम तक इस रास्ते से गुजरने वाले लोग नाक पर रूमाल रखकर चलने को मजबूर हैं। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल के सामने इस तरह की गंदगी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। जहां लोग इलाज कराने आते हैं, वहीं उन्हें गंदगी और बदबू का सामना करना पड़ता है।
ये पढ़े: Best Restaurants in Simrahi Bazar – खाना कहाँ खाएं? जानिए Top Restaurants & Fast Food Places
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिनों से कूड़ा जमा है, लेकिन इसकी नियमित सफाई नहीं हो रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर पंचायत स्वच्छता अभियान चला रही है, तो अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र के आसपास फैली गंदगी पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
लोगों का कहना है कि स्वच्छता सिर्फ पोस्टर, बैनर और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि वास्तव में सिमराही को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना है, तो सबसे पहले सार्वजनिक स्थलों, अस्पतालों और मुख्य सड़कों के आसपास सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा।
अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत और संबंधित अधिकारी इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्योंकि सवाल सिर्फ गंदगी का नहीं, बल्कि हजारों लोगों के स्वास्थ्य और नगर की छवि का भी है।
क्या आपके आसपास भी ऐसी कोई समस्या है? अपनी राय हमें कमेंट में जरूर बताएं।
ये पढ़े: Pratapganj News: सुपौल के प्रतापगंज में दिखा कचरे से भरा ढेर। क्या है मामला जानिए पूरी जानकारी

















