किशनपुर (सुपौल): एक फूल का पौधा टूटना दूसरी कक्षा के एक मासूम छात्र के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि स्कूल में पौधा टूटने की छोटी सी गलती पर शिक्षक ने छात्र की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजन भड़क उठे और स्कूल पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, किशनपुर प्रखंड के मलाढ़ पंचायत स्थित एक आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले कुमरगंज निवासी संतोष चौधरी के 7 वर्षीय पुत्र शिवा कुमार से शुक्रवार शाम खेल-खेल में गलती से फूल का पौधा टूट गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज शिक्षक ने छात्र को डंडे से पीट दिया।
अगली सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली और उन्होंने बच्चे के शरीर पर मारपीट के निशान देखे, तो वे ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंच गए। देखते ही देखते स्कूल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया।
छात्र की दादी सुरजी देवी ने आरोप लगाया कि एक छोटे बच्चे से हुई मामूली गलती पर इतनी कठोर सजा देना बिल्कुल गलत है। उन्होंने दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि उस समय स्कूल संचालक स्कूल में मौजूद नहीं थे।
थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि छात्र के परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल: क्या एक फूल का पौधा टूटने की सजा किसी मासूम बच्चे की पिटाई हो सकती है? इस घटना ने स्कूलों में बच्चों के साथ होने वाले व्यवहार और अनुशासन के नाम पर दी जाने वाली सजा पर फिर से बहस छेड़ दी है।


















