बिहार के सहरसा जिले के बनमा ईटहरी अंचल क्षेत्र के रैयतों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। अंचल प्रशासन ने साफ निर्देश दिया है कि सभी जमीन मालिकों को अपनी जमीन का बकाया भू-लगान (Land Revenue) 20 मार्च 2026 तक हर हाल में जमा करना होगा। अगर तय समय तक लगान जमा नहीं किया गया तो आगे कई सरकारी कामों में परेशानी हो सकती है।
20 मार्च तक हर हाल में जमा करना होगा भू-लगान
अंचल प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बनमा ईटहरी अंचल क्षेत्र में जमीन से संबंधित करीब 37 हजार जमाबंदी दर्ज हैं। लेकिन इसके मुकाबले भू-लगान वसूली की स्थिति अभी संतोषजनक नहीं है। इसी वजह से प्रशासन ने सभी रैयतों से जल्द से जल्द अपना जमीन का बकाया लगान जमा करने की अपील की है।
लगान नहीं देने पर सरकारी योजनाओं का लाभ रुक सकता है
अंचलाधिकारी आशीष कुमार ने कहा कि अगर कोई रैयत निर्धारित तिथि तक बकाया भू-लगान जमा नहीं करता, तो उसे अस्थायी रूप से कई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा सकता है। इसका असर जमीन से जुड़े सरकारी कामों और अन्य सुविधाओं पर भी पड़ सकता है।
राजस्व कानून के तहत हो सकती है कार्रवाई
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर तय समय सीमा के बाद भी बकाया लगान जमा नहीं किया गया, तो संबंधित रैयतों पर राजस्व अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा सकता है। इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर जमीन की नीलामी तक की कार्रवाई भी की जा सकती है।
रैयतों से प्रशासन की अपील
अंचलाधिकारी ने सभी जमीन मालिकों से अनुरोध किया है कि वे 20 मार्च 2026 से पहले अपनी जमीन का भू-लगान (Land Revenue) जमा कर दें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या सरकारी योजनाओं से वंचित होने की स्थिति से बचा जा सके।